Rampur: शिक्षक समाज के निर्माण और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने वाले सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर वैश्य समाज महिला संगठन, रामपुर द्वारा व्हाइट हॉल पब्लिक स्कूल में शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की एकेडमिक कोऑर्डिनेटर डॉ. श्रेया गुप्ता, प्रधानाचार्या मैम क्वीनी एग्वियर फर्नाडिस एवं शिक्षिका शिप्रा अग्रवाल को अंगवस्त्र पुष्प गुच्छ एवं माला पहनाकर तथा सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज की ओर से शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त करते हुए उनके समर्पण, परिश्रम और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में दिए जा रहे अमूल्य योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीती गुप्ता, जिला अध्यक्ष CA. अनुश्री अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संगीता अग्रवाल, वर्षा वासनेय, जिला उपाध्यक्ष प्रीती अग्रवाल एवं करिश्मा गुप्ता, जिला कार्यकारिणी सदस्य तथा पुरुष विंग के जिला महामंत्री मनोज गुप्ता सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीती गुप्ता ने कहा कि “शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे बच्चों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को आकार देते हैं। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की शक्ति का सम्मान है।”
वैश्य समाज सदैव शिक्षा, संस्कार एवं समाज सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान देने के लिए तत्पर रहा है। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों का सम्मान करने का यह अवसर समाज के लिए गौरव एवं सौभाग्य का विषय है।
वैश्य समाज महिला संगठन, रामपुर की ओर से सभी शिक्षकों के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।
