रामपुर में IGRS शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा, जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी अधिकारियों ने लिया जायजा
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur: जनपद में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में IGRS से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की। बैठक में IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का नियमानुसार और तथ्यों के आधार पर जांच करते हुए निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक न्याय दिलाने के लिए गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई और उन्हें जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही IGRS शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पटवाई क्षेत्र में जलभराव का स्थलीय निरीक्षण

अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना पटवाई क्षेत्र के ग्राम भईया वाला और आसपास के गांवों में जलभराव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों को जलभराव से प्रभावित लोगों की सुरक्षा तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।
स्वार के पचियापुरा में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री

वहीं, तहसील स्वार के ग्राम पचियापुरा में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई। इस दौरान स्वार विधायक शफीक अहमद अंसारी के प्रतिनिधि के रूप में उनके पुत्र और पत्नी मौजूद रहे। जिलाधिकारी रामपुर समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग की मरम्मत और नए मार्ग के निर्माण की मांग रखी। इस पर प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई जल्द सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
पशुओं के टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी जोर
गांव में पशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से टीकाकरण और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, चिकित्सा विभाग की ओर से एंटी-लार्वा और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। मलेरिया की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में ग्राम पचियापुरा में जलस्तर सामान्य हो गया है और आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई गई है। जिला प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
