श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे CM योगी, गर्भगृह में की पूजा-अर्चना; बोले- आस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होने देंगे

Mathura. श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंचे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया और गर्भगृह में दर्शन कर मन्नत मांगी। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित विभिन्न देवालयों में भी पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री सबसे पहले केशवदेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर पूजा की। इसके बाद उन्होंने योगमाया मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री इसके बाद गर्भगृह पहुंचे, जहां धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। यहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक पूजा कर भगवान का आशीर्वाद लिया।

भागवत भवन में की आरती

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री भागवत भवन पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर की देहरी का पूजन कर माथा टेका। इसके बाद भगवान राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना करते हुए आरती उतारी।

इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर ट्रस्ट के सचिव कपिल शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्वाफा-पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

‘आस्था और सुरक्षा से नहीं होगा खिलवाड़’

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार भगवान श्रीकृष्ण, प्रभु श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में आस्था रखती है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों की आस्था बाबर और औरंगजेब में होगी, क्या वे जनता की आस्था का सम्मान कर पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग समाज में विष घोलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतों के हौसले बढ़ाने के साथ युवाओं के भविष्य, बहन-बेटियों की सुरक्षा और किसानों की खुशहाली को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं।

विकास और सुरक्षा को लेकर सरकार का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ऐसे किसी भी मंसूबे को पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में सुरक्षा, विकास और आस्था के सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्रीकांत शर्मा, मांट विधायक राजेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष राजू यादव और मुकेश खंडेलवाल एडवोकेट समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.