पूर्व में मिलक थाने में तैनात रहे दरोगा पंकज कुमार ने गोली मारकर की आत्महत्या

Mathura: मथुरा में तैनात 2019 बैच के दरोगा पंकज कुमार ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पंकज कुमार पूर्व में रामपुर के मिलक थाने में तैनात रह चुके थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक, दरोगा पंकज कुमार ने गुरुवार को ही अपनी सर्विस पिस्टल जारी कराई थी। वह दोपहर ड्यूटी से अपने घर गए थे। कुछ देर बाद वर्दी में घर से निकले और रास्ते में अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली।

पुलिस के अनुसार गोली पंकज कुमार के माथे के बीचों-बीच लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पंकज कुमार वर्तमान में मथुरा में तैनात थे, जबकि उनकी पत्नी दीप्ति भी पुलिस विभाग में सिपाही हैं और उनकी तैनाती मथुरा सदर थाने में बताई गई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.