रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी से लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन की टीम ने शिष्टाचार भेंट कर जनपद में निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के संबंध में चर्चा की। बैठक में एलएलएफ टीम ने जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से संचालित शिक्षक प्रशिक्षण, अकादमिक सहयोग, कक्षा-कक्षीय प्रक्रियाओं में सुधार तथा शिक्षण-अधिगम सामग्री के उपयोग की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
बैठक का प्रमुख परिणाम यह रहा कि निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त करने के लिए शिक्षक प्रशिक्षण एवं अकादमिक सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने, कक्षा-कक्ष में गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने तथा उपलब्ध शिक्षण सामग्री के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
बालवाटिका से कक्षा-3 तक बच्चों के भाषा एवं गणितीय कौशल को मजबूत करने के लिए शिक्षक संदर्शिका, बच्चों की कार्यपुस्तिका एवं प्रिंट-रिच सामग्री के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई। एलएलएफ टीम ने बताया कि जनपद में शिक्षकों की क्षमता-वृद्धि एवं निरंतर अकादमिक सहयोग के माध्यम से कक्षा-कक्षीय शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभाग के साथ समन्वय कर कार्य किया जा रहा है। बैठक में इस सहयोग को निरंतर बनाए रखते हुए निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में ठोस एवं परिणामपरक प्रयास करने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा बच्चों के भाषा एवं गणितीय कौशल के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए शिक्षक प्रशिक्षण एवं अकादमिक सहयोग को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक तसनीम कौसर, इमरान खान एवं जिला अकादमिक समन्वयक ललित शर्मा उपस्थित रहे।
