भाजपा पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया अमृतसर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान, पंजाब की 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा: पूनिया

-अकाली दल के साथ गठबंधन नहीं, अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी भाजपा

-दुर्गियाना मंदिर में माथा टेककर लिया आशीर्वाद, दरबार साहिब और वाल्मीकि मंदिर भी जाएंगे सतीश पूनिया

-पंजाब की शांति, भाईचारा और खुशहाली भाजपा की प्राथमिकता, दिल्ली के अनुभव से सबक लेने की पूनिया की अपील

-अमृतसर पहुंचे भाजपा पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया, 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

Amritsar: भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया आज अमृतसर दौरे पर पहुंचे। उनके साथ पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। अमृतसर पहुंचने पर भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सतीश पूनिया का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

अमृतसर दौरे के दौरान सतीश पूनिया सबसे पहले ऐतिहासिक दुर्गियाना मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान लक्ष्मी नारायण के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। दुर्गियाना मंदिर कमेटी की ओर से उन्हें मंदिर का मॉडल भेंट कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने पंजाब की शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की।

दुर्गियाना मंदिर में माथा टेकने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सतीश पूनिया ने पंजाब की आगामी विधानसभा चुनावी राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 में पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि अकाली दल के साथ भाजपा का कोई गठबंधन नहीं है। गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं को उन्होंने लोगों के अपने-अपने कयास करार दिया।

पूनिया ने कहा कि भाजपा पंजाब में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब में उनकी संगठनात्मक यात्रा की शुरुआत चंडीगढ़ से हुई और इसके बाद जालंधर में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की गई। अब अमृतसर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य प्रेस कॉन्फ्रेंस और भाषणों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि संगठन को जमीन पर मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली आधार उसके कार्यकर्ता हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

सतीश पूनिया ने कहा कि पंजाब शक्ति और भक्ति की धरती है। यहां गुरु साहिबान और महान शहीदों की परंपरा रही है, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब की इस पवित्र धरती से सेवा, समर्पण, मानवता और भाईचारे का संदेश जाता है। भाजपा भी इन्हीं मूल्यों को लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति प्राथमिकता नहीं बल्कि देश पहले है। पंजाब की शांति, आपसी भाईचारा और प्रदेश की खुशहाली पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों को साथ लेकर सामाजिक समरसता के साथ पंजाब को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत से काम करेंगे।

पूनिया ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली के राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए पंजाब की जनता से दिल्ली के घटनाक्रम को देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल को जनता ने देखा और वहां राजनीतिक बदलाव भी हुआ। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को भी सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करना चाहिए और अपने भविष्य के लिए सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपने प्रत्येक कार्यकर्ता को परिवार के सदस्य की तरह सम्मान देती है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर पंजाब में संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, संकल्प और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएगा।

सतीश पूनिया ने यह भी कहा कि दुर्गियाना मंदिर में आशीर्वाद लेने के बाद वह श्री दरबार साहिब और वाल्मीकि मंदिर में भी दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की धार्मिक और सामाजिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और सभी धार्मिक स्थलों पर श्रद्धा के साथ पहुंचकर वह पंजाब की समृद्ध परंपरा को नमन कर रहे हैं।

अमृतसर दौरे के दौरान सतीश पूनिया ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उनके दौरे को भाजपा की चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.