रामपुर मे पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री नकवी ने पत्रकारों से की बातचीत

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

Rampur: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने आज यहां कहा कि “विपक्ष के नेता की खुड़पैची सनक और खुराफ़ाती सियासत” विपक्ष के लिए “असेट” के बजाय “लायबिलिटी”, “ताक़त” के बजाय “आफ़त” बनती जा रही है।

नकवी ने रामपुर में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस “बवंडर का धुरंधर और बखेड़े का सिकंदर” बनने की सनक में “डींगबाजी के डेली डोज़ की डिस्पेंसरी” बन गई है , ऐसे डींगबाजी के ढपोलशंख डंकापति विपक्ष के बचे खुचे जनाधार का भी बंटाधार करने में जुटे हैं।

नकवी ने कहा कि भाजपा ही नहीं बल्कि अधिकांश गैर-कांग्रेस दलों के प्रति राजनैतिक असहिष्णुता और अस्पृश्यता के रिवाज और मिज़ाज की हिस्ट्रीशीटर, कांग्रेस का विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रति धूर्ततापूर्ण धोखेबाजी का दाग़दार इतिहास “ऐसा कोई सगा नहीं जिसको उसने ठगा नहीं” से भरपूर है।

नकवी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी, इंद्र कुमार गुजराल जी, देवगौड़ा जी, चंद्र शेखर जी सहित कई दल- नेता कांग्रेस के विश्वासघात का शिकार रहें हैं।

नकवी ने कहा कि सत्तालोलुप खुडपेची, खुन्नसी, खुराफाती सियासत की विरासत से भरपूर कांग्रेस अपने साथ साथ अपने साथ खड़े साथियों की भी ‘खटिया खड़ी, बिस्तरा गोल’ की खटा-खट खटारा बन गई है, जाने अनजाने में कांग्रेसी छल छत्रपों का छाता बने लोगों को समझना होगा कि ‘सावधानी हटी दुर्घटना घटी’।

नकवी ने कहा कि सामंती सियासत के सनकी सूरमाओं का छात्रों, नौजवानों, किसानों, अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों के कन्धों पर बंदूक और क्रिमिनल कपट का संदूक लेकर भय-भ्रम की काल्पनिक कांसप्रेसी के पीछे देश में अस्थिरता और अराजकता का प्रायोजित प्रोपेगेंडा है।

नकवी ने कहा कि डींगबाजी के डेली डोज वाले सामंती सुल्तान को समझना चाहिए कि कांठ की हांडी बार बार नहीं चढती, ऐसी ही रपट और रिपोर्ट की रंगारंग रंगबाजी उन्हें बार-बार रपटा -निपटा रही है, इस बार के चुनावी रण में जनता सपा- कांग्रेस को रपटाएगी, कभी जनादेश पर बवाल तो कभी जनगणना पर सवाल, बवाल-सवाल की ऐसी ही जगलर जुगलबन्दी वाली तर्कों की कंगाली ने कुतर्को का मवाली बना दिया है।

नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बलवाईयों, बाहुबलियों, बकैतों को निपटाने वाली सरकार चाहिए, ना कि निडर बनाने वाली सरकार। अपराधियों, अराजकत्तों, को कानूनी हिरासत में रखने वाली सरकार चाहिए, कुनबे की हिफाज़त में रखने वाला शासन नहीं। मोदी-योगी सरकार समाज की समृद्धि, सुरक्षा, सौहार्द की गारण्टी है।

नकवी ने मनुस्मृति और अस्पृश्यता को लेकर काल्पनिक भय-भ्रम पैदा करने वालों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि “मानसिक स्मृति से प्रदूषित लोगों का मनुस्मृति के प्रति दूषित दुष्प्रचार, भारत की सर्व धर्म समभाव की समावेशी सोंच को तार-तार करने की साज़िश है। भारतीय लोकतंत्र और सरकारों का धर्मग्रंथ संविधान है, मुल्क संविधान से चलता है, विभिन्न मज़हबों का धर्मग्रंथ धार्मिक आस्था का मार्ग दर्शक हैं।

नकवी ने कहा कि पंथनिरपेक्षता भारत की सियासी बाध्यता नहीं, समावेशी संवैधानिक प्रतिबद्धता है। विभाजन के बाद हिन्दुस्तानी बहुसंख्यक हिन्दुओं ने पंथनिरपेक्षता का दामन थामा, पाकिस्तान के बहुसंख्यक मुस्लमानों ने इस्लामी राष्ट्र का मार्ग चुना। जिसका नतीजा है कि हिन्दुस्तान में उसका कोई भी नागरिक राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या उच्च संवैधानिक पद पर रह सकता है लेकिन पाकिस्तान में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री केवल बहुसंख्यक मुस्लिम समाज से ही हो सकता है।

नकवी ने कहा कि सनातनी संस्कार, संस्कृति, संकल्प की सियासी लिन्चिंग की लम्पट लाबी को समझना होगा कि भारतीय समाज हिन्दुस्तान की पंथनिरपेक्षता और “सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयः” की प्रमाणिक प्रतिबद्धता से परिपूर्ण है, तमाम तरह के बाहरी घमासान और अंदरूनी व्यवधान के बावजूद भारत की अनेकता में एकता की ताक़त सुरक्षित और सशक्त है और रहेगी।

नकवी ने कहा कि वैश्विक संकट और कंटक के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था का बाहरी घमासान, अन्दरूनी व्यवधान के बावजूद सशक्त और सुरक्षित रहना इस बार का प्रमाण है कि “वही हक़दार हैं किनारों के।जो बदल दें बहाव धारों के।।”

नकवी ने बताया कि नरेंद्र मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर से राष्ट्र व्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत मोदी जी के जन्म भूमि वडनगर और कर्म भूमि वाराणसी से समांतर चलने वाली यात्राएं एक महीने तक चलेंगी, 17 सितंबर मोदी जी के जन्म दिवस, 2 अक्टूबर गाँधी जयन्ती, 17 अक्टूबर को मोदी जी के लोक सेवक के 25 वर्ष पूरे होने पर विशेष सेवा और जन कल्याण कार्यक्रम होंगे,17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में सुशासन, समावेशी सशक्तिकरण के कार्यो के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिला प्रभारी राजा वर्मा, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्य, महा सिंह राजपूत, वसीम खान, मोहन लोधी, पंकज लोधी, टेकचंद गंगवार, कुंवर बहादुर लोधी, अर्जुन रस्तोगी, मोहित सैनी, अजय सैनी, समर सिंह चौहान, योगेंद्र चौहान, रिंकू चौहान, योगेंद्र गंगवार, प्रेमपाल सैनी, इम्तियाज हुसैन चिंटू, भूकन लोधी, राजू खान, नूर आलम, संजय चंद्रा, चंद्र प्रकाश शर्मा, डॉ चंद्रपाल, किशन लाल लोधी आदि उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.