महंगाई की मार से बिगड़ा रसोई का बजट, सब्जियों के दामों ने बढ़ाई गृहणियों की टेंशन
नींबू 150 रुपये किलो, खीरा 50 पार, चीनी के बाद अब सब्जियों ने बिगाड़ा गणित
Ellanabad, September 1 (एम पी भार्गव): महंगाई ने आमजन की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है। चीनी के दाम पहले से ही 48 से 50 रुपये किलो पर चल रहे हैं, अब सब्जियों के दामों में आई अचानक तेजी ने गृहणियों की परेशानी और बढ़ा दी है।
2-3 दिन में दोगुने हुए दाम-
सब्जी मंडी के आढ़तियों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों के दौरान कई सब्जियों के भाव तेजी से बढ़े हैं। बरसात के कारण हरी सब्जियों की आवक कम होने से दामों में उछाल आया है।
ऐलनाबाद सब्जी मंडी के आज के ताजा भाव इस प्रकार हैं :
– नींबू : 50-60 से बढ़कर 120 से 150 रुपये प्रति किलो
– खीरा : 20-25 से बढ़कर 40 से 50 रुपये किलो
– टमाटर : 40 से 50 रुपये किलो
– भिंडी : 60 से 70 रुपये किलो
– शिमला मिर्च : 100 से 120 रुपये किलो
– फूलगोभी : 70 से 80 रुपये प्रति पीस
– प्याज : 60 से 65 रुपये किलो
– लौकी, तोरी, बैंगन: 40 से 50 रुपये किलो
मध्यम वर्ग की जेब पर असर-
पहले से महंगी चीनी और अब सब्जियों के दाम बढ़ने से मध्यमवर्गीय परिवारों को सीमित बजट में घर चलाना मुश्किल हो रहा है। गृहणियों का कहना है कि पहले जो सब्जी 1 किलो आती थी, अब आधा किलो ही लेनी पड़ रही है। कई परिवार जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि अगले कुछ दिन तक आवक सुधरने तक दाम तेज ही बने रहेंगे।
