एटा। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए एटा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग के नेतृत्व में थाना मलावन और थाना सकीट पुलिस ने संयुक्त रूप से कस्बा मलावन व सकीट क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ मोटरसाइकिल एवं पुलिस मोबाइल वाहन से पैट्रोलिंग की।
पुलिस टीम ने करीब 20 किलोमीटर क्षेत्र में भ्रमण कर मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से त्योहार के दौरान आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।
क्षेत्राधिकारी सकीट के नेतृत्व में की गई इस पैट्रोलिंग का उद्देश्य अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करना और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना रहा।
रक्षाबंधन के मद्देनजर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाए जाने से लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। एटा पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण एवं निगरानी करती रहेगी।
