सहवाग और द्रविड़ के बेटों की टीम इंडिया U-19 में एंट्री, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चयन

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज सितारों के बेटे अब टीम इंडिया की अगली पीढ़ी में अपनी जगह बनाने की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया U-19 टीम के भारत दौरे के लिए अंडर-19 स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस टीम में पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को वनडे टीम में शामिल किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया U-19 के खिलाफ भारत को तीन वनडे और दो मल्टी-डे मुकाबले खेलने हैं। आर्यवीर और अन्वय को केवल तीन मैचों की वनडे टीम में जगह मिली है। मल्टी-डे मुकाबलों के लिए घोषित टीम में दोनों का चयन नहीं हुआ है।

आर्यवीर सहवाग को पहली बार मिला भारत U-19 का बुलावा

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारत की अंडर-19 टीम में चुना गया है। दाएं हाथ के बल्लेबाज आर्यवीर ने घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से ध्यान खींचा है। उन्होंने 2024 की कूच बिहार ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ 297 रन की शानदार पारी खेली थी। हाल में वह दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से भी खेलते नजर आए।

अन्वय द्रविड़ ने बरकरार रखी जगह

वहीं, राहुल द्रविड़ के बेटे और विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ को भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम में शामिल किया गया है। अन्वय इससे पहले भारत U-19 टीम के श्रीलंका दौरे का हिस्सा रहे थे, जहां उन्होंने 87 रन की पारी खेली थी।

लक्ष्‍य रायचंदानी को वनडे टीम की कप्तानी

तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए लक्ष्‍य रायचंदानी को भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि यशबर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। मल्टी-डे मुकाबलों में यशबर्धन चौहान कप्तानी करेंगे और लक्ष्‍य रायचंदानी उपकप्तान की भूमिका में होंगे।

राजकोट में होंगे तीनों वनडे

भारत और ऑस्ट्रेलिया U-19 के बीच तीनों वनडे मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। पहला मैच 18 सितंबर, दूसरा 21 सितंबर और तीसरा वनडे 23 सितंबर 2026 को होगा। इसके बाद पहला मल्टी-डे मुकाबला राजकोट में और दूसरा अहमदाबाद के बी ग्राउंड में खेला जाएगा।

India U-19 ODI Squad vs Australia

लक्ष्‍य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकटा और काव्या पटेल।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.