नेपाल बाढ़ के बीच यूपी सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 1070, फंसे नागरिकों की मदद के लिए दूतावासों से संपर्क

लखनऊ। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने नेपाल में फंसे प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, नेपाल में यदि कोई यूपी का नागरिक फंसा है या उसे तत्काल किसी प्रकार की मदद की जरूरत है, तो उसके परिजन बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने नेपाल और भारत के दूतावासों से संपर्क स्थापित किया है। दोनों दूतावासों से नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों से जुड़ी जानकारी मिलने पर उसे तत्काल यूपी के राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द जरूरी सहायता पहुंचाना और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है।

परिजनों से 1070 पर सूचना देने की अपील

प्रदेश सरकार ने नेपाल में फंसे नागरिकों के परिजनों से अपील की है कि वे अपने परिवार के सदस्य की जानकारी तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1070 पर उपलब्ध कराएं। इससे प्रशासन को संबंधित व्यक्ति का पता लगाने और जरूरत के अनुसार सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी।

महाराजगंज और कुशीनगर में बढ़ाई गई सतर्कता

नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महाराजगंज और कुशीनगर में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई क्षति को चिंताजनक बताते हुए दोनों जिलों के प्रशासन को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन को गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने नेपाल में प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना भी की है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.