नई दिल्ली: नया तकिया खरीदने के कुछ महीनों बाद अक्सर उसकी रुई या फाइबर दबने लगता है। लगातार इस्तेमाल और नमी के कारण तकिया भारी, सख्त और कम आरामदायक महसूस हो सकता है। लेकिन हर बार पुराना तकिया बदलकर नया खरीदना जरूरी नहीं है। कुछ आसान घरेलू तरीकों से इसकी फिलिंग को दोबारा फैलाकर उसे पहले जैसा फूला-फूला बनाया जा सकता है।
आखिर तकिया क्यों हो जाता है सख्त?
तकिए के अंदर मौजूद रुई या फाइबर लगातार दबने से अपनी फ्लफी शेप खो देता है। समय के साथ इसमें छोटे-बड़े गुच्छे या गांठें बन सकती हैं और फिलिंग एक जगह जमा हो जाती है। नमी भी तकिए की सॉफ्टनेस कम कर सकती है।
रुई निकालकर अच्छी तरह फैलाएं
अगर तकिया बहुत ज्यादा दब गया है तो उसकी सिलाई हल्की-सी खोलकर अंदर की रुई या फोम निकाला जा सकता है। इसे हाथों से अच्छी तरह फैलाएं और कुछ देर धूप में रखने के बाद दोबारा तकिए में भर दें। इसके बाद सिलाई कर दें। इससे फिलिंग को फिर से फैलने में मदद मिल सकती है।
पुरानी रुई में मिलाएं थोड़ी नई रुई
अगर पुरानी रुई बहुत ज्यादा दब चुकी है तो केवल उसे फैलाना पर्याप्त नहीं हो सकता। ऐसी स्थिति में पुरानी रुई के साथ थोड़ी नई रुई मिलाई जा सकती है। इससे तकिया पहले की तुलना में ज्यादा मोटा और फूला हुआ हो सकता है।
रुई में गांठें बन गई हैं तो क्या करें?
अगर रुई जगह-जगह गांठ बनाकर बैठ गई है, तो उसे निकालकर अलग किया जा सकता है। इसके बाद रुई को करीब 10 मिनट पानी में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ें और पूरी तरह धूप में सुखाएं। सूखने के बाद इसे दोबारा फैलाकर तकिए में भरें।
नमी के कारण भारी हुआ है तकिया?
कई बार तकिया गंदगी की वजह से नहीं, बल्कि नमी के कारण भारी और सख्त महसूस होता है। ऐसे में उसे 2-3 घंटे धूप में सुखाने से नमी कम करने में मदद मिल सकती है और तकिया फिर से हल्का महसूस हो सकता है।
कंघी से रुई को सुलझाने का तरीका
रुई को तकिए से निकालकर दो कंघियों के बीच हल्के हाथों से सुलझाया जा सकता है। इससे छोटे-छोटे गुच्छे अलग होकर फैलने में मदद मिल सकती है। इसके बाद रुई को वापस तकिए में भर दें।
ड्रायर और टेनिस बॉल से करें फ्लफ
अगर घर में ड्रायर है तो तकिए को लो हीट पर करीब 20-30 मिनट चलाया जा सकता है। इसके साथ 1-2 टेनिस बॉल या मोजे में बंधी गेंद डालने का तरीका भी बताया गया है। गेंदों की हलचल तकिए के अंदर मौजूद फाइबर को अलग-अलग फैलाने में मदद कर सकती है।
बिना किसी सामान के हाथों से करें फ्लफ
अगर आपके पास कोई विशेष सामान नहीं है तो तकिए को गोद में रखकर चारों तरफ से हल्के हाथों से दबाएं, थपथपाएं और फुलाएं। इससे अंदर की दबी हुई फिलिंग को फैलने में मदद मिल सकती है।
अकॉर्डियन ट्रिक भी आ सकती है काम
तकिए के दोनों छोटे सिरों को पकड़कर उसे तेजी से अंदर-बाहर दबाएं। इस प्रक्रिया को कुछ देर तक दोहराने से तकिए के अंदर हवा जाने और भराव के फैलने में मदद मिल सकती है।
कब तकिया बदलना बेहतर है?
अगर तकिया केवल दबने, गांठ बनने या नमी के कारण सख्त हुआ है तो उसे बदलने से पहले इन तरीकों को आजमाया जा सकता है। लेकिन अगर उसमें फफूंदी, लगातार बदबू, दाग या खराब हो चुका भराव है, तो उसे बदलना बेहतर रहेगा।
