पूरे प्रदेश में गंदगी के अम्बार, भयकर बदबू एवं सड़ांध से सांस लेना मुश्किल; संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ा, प्रशासन मौन, हड़ताली सक्रिय

ऐलनाबाद में भी सफाई व्यवस्था चरमराई, जनता बेहाल, जिला के उच्च अधिकारी ध्यान दें

Ellenabad, August 22 (डॉ एम पी भार्गव): सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पूरे प्रदेश के साथ साथ ऐलनाबाद शहर भी इन दिनों कूड़ादान में तब्दील हो गया है। शहर की गलियों, मोहल्लों और बाजारों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे उठ रही भयंकर सड़ांध ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है।

नगर में जगह-जगह गंदगी और कीचड़ जमा होने से मच्छरों की भरमार हो गई है, जिससे डेंगू, मलेरिया, टायफाइड जैसे संक्रामक रोग फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं।

हैरानी की बात है कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद प्रशासन अपने कानों में रुई के गोले डाले बैठा है नगरपालिका से लेकर जिला के उच्च अधिकारियों तक जनता की इस करुण पुकार को सुनने वाला कोई नजर नहीं आ रहा। लोग रोजाना शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने रोष जताते हुए कहा कि त्योहारी सीजन सिर पर है, ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था का ये हाल बेहद शर्मनाक है। अगर जल्द हड़ताल का समाधान कर सफाई शुरू नहीं करवाई गई तो स्थिति और भयावह हो सकती है।

जनता ने जिला प्रशासन एवं और उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था को सुचारू करवाया जाए, ताकि शहरवासियों को इस नारकीय जीवन से राहत मिल सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.