- रिपोर्ट: मंजय कुमार
Mirzapur, August 18: माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार एवं जनसामान्य को सुलभ एवं त्वरित न्याय के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ का प्रचार वाहन जनपद मीरजापुर पहुंचा।
इस अवसर पर प्रभारी जनपद न्यायाधीश, मीरजापुर जितेंद्र यादव महोदय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार द्वितीय ने न्यायिक अधिकारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं पराविधिक स्वयंसेवकों की उपस्थिति में प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
प्रचार वाहन जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी प्रदान करेगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक वादों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निस्तारण कराने, वादकारियों को समय और धन की बचत के लाभों से अवगत कराने तथा न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण में सहयोग बढ़ाने का कार्य किया जाएगा।
प्रचार के दौरान नागरिकों को बताया जाएगा कि लोक अदालत के माध्यम से शमनीय आपराधिक वाद, सिविल वाद, पारिवारिक वाद, बैंक ऋण संबंधी वाद, विद्युत एवं दूरसंचार संबंधी प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद तथा अन्य उपयुक्त प्रकरणों का निस्तारण कराया जा सकता है।
प्रभारी जनपद न्यायाधीश महोदय ने कहा कि “लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम है। इससे पक्षकारों को राहत मिलती है और न्यायालयों का बोझ भी कम होता है। अतः अधिक से अधिक पात्र वादकारियों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।”
जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर से संपर्क करें और राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने प्रकरण का निस्तारण कराने का लाभ प्राप्त करें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु जनपद में विधिक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
