युवाओं के लिए पीएम मोदी की 6 बड़ी घोषणाएं, 1 करोड़ को AI ट्रेनिंग से लेकर स्पोर्ट्स टैलेंट हंट तक

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री ने युवाओं, खेल, सेमीकंडक्टर, परमाणु ऊर्जा और नागरिक सुरक्षा को लेकर रखा बड़ा रोडमैप

नई दिल्ली, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं और देश के भविष्य को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को एआई स्किल ट्रेनिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए स्पोर्ट्स टैलेंट हंट अभियान शुरू करने का ऐलान किया।

पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नई तकनीक, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग

प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले एक साल में देश के 1 करोड़ युवाओं को एआई स्किल ट्रेनिंग देने का संकल्प लिया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में सक्षम बनाना और उन्हें वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करने के लिए तैयार करना है।

पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की शक्ति सबसे बड़ी ताकत है। एआई के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए युवाओं को नई तकनीक से जोड़ना भविष्य की जरूरत है।

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

प्रधानमंत्री ने कोचिंग की बढ़ती लागत को मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग नेटवर्क विकसित करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि देश के पास डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रतिभाशाली शिक्षक और विशेषज्ञों की बड़ी क्षमता है। इन संसाधनों का इस्तेमाल कर युवाओं को बेहतर और मुफ्त तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

5 से 15 साल के बच्चों के लिए स्पोर्ट्स टैलेंट हंट

खेल के क्षेत्र में भारत की संभावनाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दावेदारी कर रहा है। इसके लिए उन खेलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनमें भारत अभी पर्याप्त भागीदारी या क्वालीफिकेशन हासिल नहीं कर पाता।

उन्होंने 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए देशव्यापी टैलेंट हंट अभियान चलाने की घोषणा की। गांव, शहर और स्कूल स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत को खेलों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिभा की शुरुआती उम्र में पहचान और उसके व्यवस्थित प्रशिक्षण पर जोर देना होगा।

नागरिक सुरक्षा का आधुनिक नेटवर्क

प्रधानमंत्री ने बदलते सुरक्षा माहौल के बीच आधुनिक नागरिक सुरक्षा नेटवर्क विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज युद्ध और आपात स्थितियों का स्वरूप बदल रहा है। ऐसे में नागरिकों को आधुनिक आपातकालीन प्रणालियों और सुरक्षा प्रोटोकॉल से परिचित कराना जरूरी है।

सरकार आने वाले समय में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेगी।

सेमीकंडक्टर निर्माण को मिलेगा और विस्तार

पीएम मोदी ने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देश में तीन बड़े सेमीकंडक्टर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं और वहां से निर्यात के लिए उत्पादन भी शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि आने वाले 7 से 8 वर्षों में 5 से 8 और सेमीकंडक्टर प्लांट में काम शुरू होने की संभावना है। इसका उद्देश्य चिप निर्माण में भारत की क्षमता बढ़ाने के साथ वैश्विक टेक्नोलॉजी सप्लाई चेन में देश की भूमिका मजबूत करना है।

2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा का लक्ष्य

प्रधानमंत्री ने ऊर्जा सुरक्षा के लिए परमाणु ऊर्जा को महत्वपूर्ण बताते हुए 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि इसी दशक में पांच नए परमाणु रिएक्टर शुरू करने का लक्ष्य है।

पीएम मोदी ने बताया कि भारत ने इस वर्ष फास्ट ब्रीडर परमाणु तकनीक में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसे परमाणु ईंधन के मामले में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया गया।

एविएशन और रोजगार पर भी जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि एविएशन सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है। नए एयरपोर्ट और एयर रूट रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल यानी एमआरओ क्षेत्र में भी युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार की संभावनाएं बन रही हैं।

उन्होंने ‘मेड इन इंडिया’ पैसेंजर एयरक्राफ्ट और रक्षा परिवहन विमान सी-295 की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। साथ ही ड्रोन तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को भी महत्वपूर्ण बताया।

फॉर्च्यून 500 में 50 भारतीय कंपनियों का लक्ष्य

पीएम मोदी ने देश की कंपनियों को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले दशक में फॉर्च्यून 500 की सूची में भारत की 50 कंपनियां क्यों नहीं हो सकतीं। उन्होंने इसे देश की सामूहिक शक्ति और आर्थिक क्षमता से जोड़ते हुए बड़ा राष्ट्रीय लक्ष्य बनाने की बात कही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं होगा। इसके लिए हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी।

‘सप्त धारा’ से विकास को मिलेगी नई गति

पीएम मोदी ने विकसित भारत के निर्माण के लिए ‘सप्त धारा’ का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले 5 से 7 वर्षों में वह काम पूरा करने का प्रयास होना चाहिए, जो पिछले कई दशकों में नहीं हो सका।

उन्होंने कार्यसंस्कृति में बदलाव, सोच को व्यापक बनाने और काम पूरा करने की गति बढ़ाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की दिशा तय है और देश 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

 

-इनपुट- एजेंसी

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.