अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख क्रॉस-बॉर्डर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सात अवैध पिस्तौल और 2 किलो 30 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
विदेशी तस्करों से हथियार सप्लाई का कनेक्शन
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियारों के मामले में गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। आरोपियों पर आरोप है कि वे विदेश से अवैध हथियार हासिल कर उन्हें आगे अमृतसर और तरनतारन के इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस अब इन आरोपियों के विदेशी तस्करों के साथ कथित संबंधों की जांच कर रही है।
इस पूरे मामले में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद और थाना सुल्तानविंड में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि इन नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और हथियार तथा नशे की खेप किन-किन माध्यमों से पंजाब तक पहुंचाई जा रही थी।
फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
जांच एजेंसियां आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स को खंगाल रही हैं। इसके साथ ही सीमा पार बैठे हैंडलर्स और स्थानीय स्तर पर उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान करने के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन का भी खुलासा हो सकता है।
