रामपुर। तहसील शाहबाद क्षेत्र के ग्राम मथुरापुर कला निवासी भजनलाल, पीतांबर, बाबूराम और गंगासरन ने जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी से मुलाकात कर अपनी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर शिकायत की है। पीड़ितों ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना है कि इस मामले की शिकायत पहले भी संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ितों के अनुसार, विवादित भूमि भूमि संख्या 116, 476ख और 121 से संबंधित है। उनका आरोप है कि जमीन पर निर्माण कार्य लगातार कराया जा रहा है, जिससे उनके अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच कराकर मौके पर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाया जाए। साथ ही यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो अवैध कब्जा करने और निर्माण कराने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पीड़ितों ने जिलाधिकारी से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें उनकी जमीन पर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
