मेधावी बच्चों की आंखों में दिखे सपने, अपने कल को हराकर आगे बढ़ो, कामयाबी ख़ुद कदम चूमेगी : फैसल लाला

सेंट मैरी स्कूल स्वार में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, प्रमाण-पत्र देकर बढ़ाया हौसला

रामपुर के स्वार सेंट मैरी स्कूल में उस वक़्त माहौल भावुक हो गया जब मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के चेहरों पर खुशी, आंखों में चमक और भविष्य के बड़े सपने साफ़ दिखाई दे रहे थे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं तालीम तरबियत वैलफेयर सोसाइटी के प्रबंधक फ़ैसल ख़ान लाला मौजूद रहे।

बच्चों को मुबारकबाद देते हुए फ़ैसल ख़ान लाला ने बेहद भावुक अंदाज़ में कहा कि बच्चों की कामयाबी सिर्फ़ एक प्रमाण-पत्र नहीं होती बल्कि उस प्रमाण-पत्र के पीछे मां-बाप की उम्मीदें, शिक्षकों और बच्चे की मेहनत छिपी होती है, मेरे प्यारे बच्चो ज़िंदगी में कभी अपनी बराबरी किसी दूसरे बच्चे से मत करना हो सकता है कोई आपसे आगे हो और कोई आपसे पीछे लेकिन असली मुक़ाबला किसी और से नहीं बल्कि ख़ुद अपने आप से है अपने बीते हुए कल को देखिए और ख़ुद से पूछिए कि आज मैं कल से कितना बेहतर हूँ अगर आज का बच्चा अपने बीते हुए कल से बेहतर बनने की कोशिश करता है तो उसे दुनिया की किसी दौड़ में पीछे रहने का डर नहीं होता है।

याद रखिए आपके मां-बाप की आंखों में आपके लिए जो ख़्वाब हैं उन्हें हक़ीक़त में बदलने की ज़िम्मेदारी भी आपकी है। जब आप कामयाब होंगे तो सबसे पहले आपके मां-बाप की आंखों में खुशी के आंसू होंगे और वही आपके जीवन का सबसे बड़ा इनाम होगा। बच्चों को सिर्फ़ अच्छे नंबर हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें अच्छा इंसान बनने की कोशिश करनी चाहिए।

किताबें आपको इम्तिहान पास करना सिखाती हैं लेकिन तालीम आपको ज़िंदगी जीना सिखाती है इसलिए इल्म हासिल कीजिए, अदब सीखिए, अपने बुज़ुर्गों की इज़्ज़त कीजिए और उन लोगों के लिए आसानियां पैदा कीजिए जिन्हें आपकी मदद की ज़रूरत है।

आज के ये बच्चे ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, अफ़सर, समाजसेवी और देश के ज़िम्मेदार नागरिक बनेंगे। इसलिए इनकी हौसला-अफ़ज़ाई करना सिर्फ़ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाले बेहतर समाज की बुनियाद मज़बूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान फैसल खां लाला ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया । बच्चों ने उत्साह के साथ सम्मान ग्रहण किया। विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर स्कूल डायरेक्टर फादर सासिन बाबू,स्कूल प्रबंधक सिस्टर फ्रीडा, शिक्षक आयुष जौहरी,शिक्षक अर्श ताज खां,शिक्षक श्रेया जोशी,शिक्षक मोनिश,शिक्षक नरेन्द्र सिंह,शिक्षक राजीव अरोड़ा,शिक्षक जोज़ पॉल,शिक्षक मनीष कुमार आर्य,अब्दुल समद,अरहम खां और सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.