लुधियाना रेलवे स्टेशन पर सरप्राइज टिकट चेकिंग अभियान, 100 से अधिक बेटिकट यात्री पकड़े गए; ₹95 हजार जुर्माना वसूला

उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने बुधवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ ‘सरप्राइज टिकट चेकिंग’ अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान 100 से अधिक यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे कुल ₹95,000 का रेल राजस्व वसूला गया।

अभियान में 10 टिकट चेकिंग कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन जांच की। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों को न केवल नियमानुसार जुर्माना लगाया गया, बल्कि भविष्य में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक भी किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ‘सरप्राइज टिकट चेकिंग’ अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना, रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इससे यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर रेल यात्रा का अनुभव भी मिलता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और संबंधित श्रेणी के कोच में ही सफर करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे के राजस्व संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.