Ellenabad, 28 जुलाई(एम पी भार्गव): ऐलनाबाद शहर के गांधी चौक स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर में दूसरे 30 दिवसीय श्रावण महोत्सव का आयोजन 30 जुलाई (वीरवार) से 28 अगस्त (शुक्रवार) तक किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए आयोजन समिति के तेजपाल पारीक व किशन सिगची ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 5:00 बजे बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक कीर्तन होगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक सिकंदर सागर व अमित तिवारी अपनी मधुर वाणी में भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम 7:00 बजे से 7:15 बजे तक आरती एवं शिव स्तुति होगी तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिसके तहत 10 अगस्त को रात 9:00 बजे विशाल जागरण, 11 अगस्त को सुबह 10:00 बजे विशाल भंडारा तथा 28 अगस्त को सुबह 4:30 बजे प्राचीन श्री शिव मंदिर से विशाल प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक सोमवार सुबह 5:00 बजे से प्रभु इच्छा तक खीर प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि शाम 4:00 बजे के बाद शिवलिंग पर जल अर्पित न करें तथा सभी कार्यक्रमों में समय का विशेष ध्यान रखें। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।
