रामपुर में खुला नाला बना काल 7 साल का मासूम डूबा; कांग्रेस का बड़ा हमला, नगर पालिका अध्यक्ष सना मामून के भ्रष्टाचार ने ली बच्चे की जान

बारिश के दौरान खुले नाले में डूबे सात वर्षीय अब्दुल करीम के घर पहुंचे कांग्रेस नेता बाकर अली खां पीड़ित परिवार के लिए 10लाख मुआवजे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

रामपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष बाकर अली खां उर्फ हारुन खां और प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अर्सलान अली खान मोहल्ला सतून संघ नई बस्ती पहुंचे। वहां Apu उन्होंने बारिश के दौरान खुले नाले में डूबे शन्नु के सात वर्षीय बेटे अब्दुल करीम के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। देर रात तक नाले में डूबे बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका था। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार के आंसू पोंछते हुए कहा कि जो भी मुमकिन होगा कांग्रेस पार्टी उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार है।
बाकर अली खां ने पत्रकारों को दिए बयान में आरोप लगाया है कि पानी में डूबने वाले बच्चे की पूरी जिम्मेदार नगर पालिका अध्यक्ष सना मामून और उनके पति मामून शाह हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद में पैसे की बंदरबांट चल रही है जिसके कारण शहर के विकास के नाम पर जनता को धोखा और फरेब दिया जा रहा है। अगर अध्यक्ष चाहतीं तो वह इस सड़क को बनवा सकती थीं मगर उन्हें भाजपा के मिशन को बढ़ावा देने से फुर्सत नहीं है।
आगे भी अनहोनी की चेतावनी:
हारून खां ने कहा कि अगर समय रहते अध्यक्ष सना मामून ने टूटी सड़कें ठीक नहीं कराईं और खुले नालों की सफाई कराकर उन्हें ढका नहीं गया तो आगे भी कोई अनहोनी वारदात हो सकती है और उसकी भी जिम्मेदारी अध्यक्ष सना मामून की होगी। उन्होंने अध्यक्ष पति मामून शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें वोट दिया था वे उस पर बिल्कुल भी खरे नहीं उतरे हैं।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग:

हारुन खां ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि डूबने वाले बच्चे के पीड़ित परिवार को तत्काल 10लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और इस पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी नगर पालिका और जिला प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.