जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर मुख्य विकास अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

Rampur: मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सभी मरीजों की आभा आईडी बनाने एवं ई-प्रिस्क्रिप्शन के माध्यम से दवा वितरण के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मरीजों की आभा आईडी शत-प्रतिशत बनाई जाए तथा अस्पतालों में ई-प्रिस्क्रिप्शन के माध्यम से दवा वितरण की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, जिससे मरीजों को बेहतर, पारदर्शी एवं डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को किए जाने वाले भुगतान की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने भुगतान की प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वार एवं टांडा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को लंबित भुगतान तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सेवाओं में सुधार पर जोर
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में ई-संजीवनी एवं ओपीडी सेवाओं की समीक्षा के दौरान शाहबाद, सैदनगर एवं टांडा क्षेत्र की प्रगति अपेक्षित न पाए जाने पर संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कार्य में सुधार न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परिवार नियोजन कार्यक्रम में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा, 2764 मरीजों का उपचार जारी
बैठक में बताया गया कि 24 मार्च से 2 जुलाई तक संचालित विशेष टीबी अभियान के दौरान 2,764 टीबी रोगियों की पहचान कर उनका उपचार प्रारंभ किया गया है। सभी चिन्हित मरीजों को नि:क्षय मित्र के माध्यम से पोषण पोटली उपलब्ध कराई जा रही है। जनपद में अब तक 2,150 नि:क्षय मित्र बनाए जा चुके हैं, जो टीबी मरीजों के पोषण सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

14 से 18 अगस्त तक राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 14 से 18 अगस्त, 2026 तक राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद का लक्ष्य 11,65,783 बच्चों को आच्छादित करना निर्धारित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

3 से 7 अगस्त तक चलेगा विशेष डीपीटी/टीडी टीकाकरण अभियान
बैठक में प्रदेश में डिप्थीरिया के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत 3, 4, 6 एवं 7 अगस्त, 2026 को संचालित होने वाले विशेष स्कूल आधारित टीडी/डीपीटी टीकाकरण अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अप्रैल माह में संचालित अभियान के दौरान जिन विद्यालयों एवं बच्चों का टीकाकरण किसी कारणवश छूट गया था, उन्हें इस विशेष अभियान के माध्यम से शत-प्रतिशत आच्छादित किया जाएगा।

संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा
बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान संचालित करते हुए जनजागरूकता बढ़ाएं तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक गतिविधि समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दीपा सिंह, जिला स्वास्थ्य समिति के सदस्य, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.