सारा रोड–गोविंदपुरी मार्ग चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू, मकानों पर लगे लाल निशान; समय सीमा के बाद चलेगा बुलडोजर
- रिपोर्ट: जितेंद्र ठाकुर
गाजियाबाद। मोदीनगर में सारा गांव से गोविंदपुरी जाने वाले मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को नगर पालिका परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे बने चिन्हित मकानों पर लाल निशान लगाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो नगर पालिका बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करेगी।दरअसल, वर्षों से संकरी सड़क के कारण क्षेत्र के लोगों को जाम की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गन्ना सीजन में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बड़े वाहनों के आवागमन से हालात और भी खराब हो जाते हैं। ग्रामीण लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे और इस मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री तक शिकायतें भेजने के साथ तहसील पर धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं। नगर पालिका के अधिकारी अंकित चौधरी के अनुसार सड़क के दोनों ओर करीब ढाई से तीन फीट तक चौड़ीकरण किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद क्षेत्रवासियों को जाम और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
