कठकुइयाँ रेलवे स्टेशन को मिली बड़ी सौगात: पाटलिपुत्र–गोरखपुर मेल एक्सप्रेस का प्रायोगिक ठहराव शुरू, सांसद विजय कुमार दूबे ने दिखाई हरी झंडी
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 15079/15080 पाटलिपुत्र–गोरखपुर–पाटलिपुत्र मेल एक्सप्रेस का कठकुइयाँ रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव 26 जुलाई 2026 से प्रारंभ कर दिया है। रविवार देर शाम आयोजित समारोह में कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे ने हरी झंडी दिखाकर इस नई रेल सुविधा का शुभारंभ किया।
समारोह में पडरौना विधायक मनीष जायसवाल (मंटू जी), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-प्रथम शैलेन्द्र सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.के. सिंह सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि कठकुइयाँ स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग और जनभावना का परिणाम है। उन्होंने इस जनहितकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेल लगातार यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि चूंकि यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर दिया गया है, इसलिए अधिक से अधिक यात्री वैध टिकट लेकर इस ट्रेन से यात्रा करें, ताकि यात्रियों की संख्या और उपयोगिता के आधार पर भविष्य में इसे स्थायी ठहराव का दर्जा मिल सके।
विधायक मनीष जायसवाल ने सांसद विजय कुमार दूबे द्वारा क्षेत्र में कराए गए जनहित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि गाड़ी संख्या 15079 पाटलिपुत्र–गोरखपुर मेल एक्सप्रेस प्रतिदिन रात्रि 9:21 बजे कठकुइयाँ स्टेशन पहुंचेगी और 9:23 बजे गोरखपुर के लिए रवाना होगी। वहीं 15080 गोरखपुर–पाटलिपुत्र मेल एक्सप्रेस प्रातः 5:16 बजे स्टेशन पहुंचेगी तथा 5:18 बजे पाटलिपुत्र के लिए प्रस्थान करेगी।
उन्होंने कहा कि इस नई सुविधा से कठकुइयाँ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को गोरखपुर और पाटलिपुत्र (पटना) के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य हित निरीक्षक अमन श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-प्रथम शैलेन्द्र सिंह ने प्रस्तुत किया।
