- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मीरजापुर। जिले के पड़री थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास मिले किन्नर के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र निवासी अरशलान ने अपने पिता सत्तार खान उर्फ हसीना (किन्नर) की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के किनारे फेंके जाने की आशंका जताते हुए नामजद तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पड़री थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित टीम ने एसओजी और सर्विलांस की मदद से इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भदोही निवासी सोनू विश्वकर्मा (25) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (UP65QT2228) भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सत्तार खान उर्फ हसीना के साथ रह रहा था, लेकिन अब उससे अलग होना चाहता था। आरोपी का आरोप है कि मृतक उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं था और ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने रामनगर बुलाकर पहले शराब पिलाई और फिर नशे की हालत में मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को ऑटो में रखकर पड़री थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके में रेलवे ट्रैक के पास ले गया और सीमेंट की बाउंड्री के पीछे छिपा दिया। उसने शव के गले पर भारी पत्थर भी रख दिया ताकि घटना दुर्घटना जैसी प्रतीत हो।
न्यायालय भेजा गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जा रहा है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
