मिर्जापुर में नमक से लदा ट्रक घर में घुसा, सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, दो गंभीर घायल

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब नमक से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित घर में घुस गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

पुलिस के अनुसार, हादसा थाना अहरौरा क्षेत्र के ग्राम कुदारन चौराहे के पास रात करीब तीन बजे हुआ। वाराणसी से सोनभद्र जा रहा नमक से लदा ट्रक अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित हो गया और सीधे एक मकान में जा घुसा। उस समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे।

ट्रक की जोरदार टक्कर से घर में चीख-पुकार मच गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में घर के भीतर सो रहे पांच लोग ट्रक की चपेट में आ गए। इनमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही अहरौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़, चुनार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 47 वर्षीय राजाराम, 70 वर्षीय सुखिया और 45 वर्षीय चांदतारा के रूप में हुई है। वहीं, 45 वर्षीय सुनील शर्मा और 12 वर्षीय सुहानी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा ट्रक और चालक से संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

 

इनपुट —आईएएनएस

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.