पीएम मोदी जींद से दिखाएंगे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी, हरियाणा में जिला स्तर पर होंगे विशेष कार्यक्रम
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित हरियाणा के जींद दौरे को लेकर राज्य सरकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रधानमंत्री जींद में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर को पूरे प्रदेश में विशेष रूप से मनाने की तैयारी की गई है।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा के सभी जिलों में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष, चेयरमैन और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होकर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखेंगे तथा देश की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साक्षी बनेंगे।
इस कार्यक्रम की एक विशेष बात यह भी है कि जिला स्तरीय आयोजनों में कांग्रेस के निलंबित पांच विधायकों—जरनैल सिंह, शैली चौधरी, रेणु बाला, मोहम्मद इसराइल और मोहम्मद इलियास—को भी आमंत्रित किया गया है।
सरकार ने विभिन्न जिलों में वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। अंबाला में कैबिनेट मंत्री अनिल विज, सोनीपत में कृष्णलाल पवार, पानीपत में महिपाल ढांडा, हिसार में रणवीर गंगवा, भिवानी में श्रुति चौधरी, फरीदाबाद में विपुल गोयल और गुरुग्राम में राव नरवीर सिंह कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
वहीं झज्जर में राज्य मंत्री राजेश नागर, कैथल में सांसद नवीन जिंदल, करनाल में विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, कुरुक्षेत्र में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पलवल में खेल मंत्री गौरव गौतम, पंचकूला में सांसद रेखा शर्मा, रेवाड़ी में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, रोहतक में हरियाणा महिला आयोग की चेयरमैन उषा प्रियदर्शिनी तथा यमुनानगर में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के जींद दौरे को लेकर पूरे हरियाणा में उत्साह का माहौल है। राज्य सरकार इसे प्रदेश और देश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर मान रही है। इसी कार्यक्रम के दौरान जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जो स्वच्छ ऊर्जा आधारित आधुनिक रेल परिवहन की दिशा में भारत की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इनपुट –आईएएनएस
