आज़म खान को बड़ा झटका: जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों पर ध्वस्तीकरण का आदेश, 15 दिन का मिला अंतिम मौका
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रामपुर जिला कारागार में निरुद्ध आज़म खान को एक और बड़ा झटका लगा है। रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की अधिकांश इमारतों को अवैध निर्माण मानते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया है।
प्राधिकरण के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित 40 इमारतों में से 38 इमारतें बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाई गई हैं, जबकि केवल दो इमारतों के मानचित्र स्वीकृत पाए गए हैं। आरडीए ने इन निर्माणों को उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की है।
बताया गया कि प्राधिकरण ने पहले भी जौहर विश्वविद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया था। विस्तृत सुनवाई के बाद अब ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया है।
आरडीए की ओर से विश्वविद्यालय प्रबंधन को 15 दिन का समय दिया जाएगा, ताकि वह स्वयं अवैध निर्माण हटा ले। यदि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं की जाती है तो इसके बाद प्राधिकरण स्वयं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि प्राधिकरण द्वारा नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद आदेश जारी किया गया है और निर्धारित समय सीमा समाप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जौहर विश्वविद्यालय को लेकर पूर्व में भी कई प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई हो चुकी हैं। अब अवैध निर्माण के मामले में ध्वस्तीकरण आदेश जारी होने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
रामपुर समाचार, आज़म खान, जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर विकास प्राधिकरण, आरडीए, अवैध निर्माण, ध्वस्तीकरण आदेश, बुलडोजर कार्रवाई, डीएम अजय कुमार द्विवेदी, समाजवादी पार्टी, Rampur News, Azam Khan, Jauhar University, RDA Rampur, Illegal Construction, UP News.
