श्रावण मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, बोले- ‘सेफ्टी फर्स्ट’ के सिद्धांत से नहीं होगा कोई समझौता

  • रिपोर्ट- कपिल सिंह राजपुत

बाराबंकी। आगामी श्री लोधेश्वर महादेव श्रावण मास मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने महादेवा मंदिर परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, निर्माण कार्य, विद्युत आपूर्ति तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रावण मास मेले की सभी तैयारियां “सेफ्टी फर्स्ट” की अवधारणा के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में निर्माणाधीन कॉरिडोर के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग कमजोर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को निर्देश दिए कि श्रावण मास शुरू होने से पहले मजबूत एवं सुरक्षित बैरिकेडिंग स्थापित कर सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।

निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

निर्माण कार्य के दौरान निकला मलबा मंदिर परिसर में पड़े रहने पर भी डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने तत्काल मलबा हटाने और सभी खुले गड्ढों की मजबूत फेंसिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार और उससे पहले आने वाले रविवार को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही मेले के आरंभ होने से दो दिन पूर्व सभी दुकानों एवं अस्थायी विद्युत कनेक्शनों का अनिवार्य विद्युत सुरक्षा ऑडिट कर आवश्यक कमियों को दूर किया जाए।

उन्होंने उपजिलाधिकारी रामनगर एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के सभी दुकानदारों के साथ बैठक कर उन्हें अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग तथा अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग संबंधी प्रशिक्षण दिया जाए।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि श्रावण मास मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन रिस्पांस व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

30 जुलाई से शुरू होगा श्रावण मेला

प्रशासन के अनुसार श्री लोधेश्वर महादेव श्रावण मास मेला-2026 का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक होगा। मेले की चार प्रमुख सोमवारी 2-3 अगस्त, 9-10 अगस्त, 16-17 अगस्त और 23-24 अगस्त को आयोजित होंगी। वहीं भादों कजरी तीज (हरतालिका) मेला 13 एवं 14 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक सोमवार से एक दिन पूर्व रविवार की शाम से ही दूर-दराज़ से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाता है, जिसके मद्देनज़र प्रशासन व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.