इस्लामनगर ब्लॉक में बाल कल्याण समिति की बैठक, ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ शपथ के साथ महिला-बाल सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी

बदायूं। विकास खंड इस्लामनगर में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक एवं ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं, साइबर सुरक्षा, बाल संरक्षण और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान थाना इस्लामनगर की बाल कल्याण अधिकारी एवं पुलिस टीम ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 की विस्तृत जानकारी दी। वहीं हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार, दहेज पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, आर्थिक सहायता, पुत्री विवाह अनुदान, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष तथा स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी दी।

कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित 112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाई गई। साथ ही बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को श्रम से मुक्त कराने और उनके पुनर्वास के लिए ग्राम बाल संरक्षण समितियों के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है।

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रतिनिधि सुनील ने बताया कि किसी भी संकट में फंसे बच्चे या उनके परिजन 1098 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों, बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों तथा मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में एडीओ पंचायत संजीव शर्मा ने ब्लॉक एवं ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने और सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर सुपरवाइजर डिम्पल, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक, संरक्षण अधिकारी, डीएमसी (एचईडब्ल्यू) छवि वैश्य, जेएस (एचईडब्ल्यू) प्रीति चौहान, सहायक पंचायत अधिकारी जितेंद्र, संजीव कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर सुनील, वन स्टॉप सेंटर की स्टाफ नर्स आकांक्षा सहित विकास खंड इस्लामनगर की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्राम सचिव उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.