एटा। दिनांक 14 जुलाई 2026 को उपनिदेशक पंचायत श्री उपेन्द्र राज सिंह (अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़) के कुशल नेतृत्व में जनपद एटा के विकास खंड सकीट स्थित डीपीआरसी एटा तथा विकास खंड शीतलपुर के सभागार में सचिव ग्राम पंचायतों एवं पंचायत सहायकों का ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) विषयक एक दिवसीय विकास खंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपनिदेशक पंचायत एवं जिला पंचायत राज अधिकारी, एटा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उपनिदेशक पंचायत ने कहा कि सुदृढ़ एवं प्रभावी कार्ययोजना ही ग्राम पंचायत के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने कम लागत एवं बिना लागत वाले कार्यों को प्राथमिकता देने, शोषित एवं वंचित वर्गों के हितों को कार्ययोजना में शामिल करने तथा जीपीडीपी बैठक से पूर्व महिला सभा एवं बाल सभा आयोजित करने पर विशेष बल दिया, ताकि महिलाओं और बच्चों से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल सके।
प्रशिक्षण के दौरान डीपीएम एटा ने जीपीडीपी की ऑनलाइन फीडिंग एवं 16वें वित्त आयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। वहीं प्रशिक्षकों ने सत्रवार प्रभावी ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने, पंचायत की भूमिका, जनभागीदारी, ग्रामीण पेयजल आपूर्ति तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन नाहर सिंह, वरिष्ठ फैकल्टी, डीपीआरसी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ग्राम विकास को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने का संकल्प लिया।
