ऐलनाबाद, 14 जुलाई (एम पी भार्गव): ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव ढाणी बच्चन सिंह में बंद घर से सोना-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में एबीवीटी स्टाप सिरसा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, गांव ढाणी बच्चन सिंह निवासी मेघ सिंह ने शिकायत दी थी कि 26 जून को वह परिवार सहित रिश्तेदारी में गया हुआ था। अगले दिन लौटने पर घर के मुख्य गेट और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी से सोना-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद गायब मिले।
शिकायत पर ऐलनाबाद थाना में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच एबीवीटी स्टाफ को सौंपी गई।जांच के दौरान मिली अहम सूचना के आधार पर पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए रवि पुत्र राजू और अनू पुत्र मांगे राम, दोनों निवासी वार्ड नंबर-4, ऐलनाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए ऐलनाबाद थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर चोरीशुदा सोना-चांदी के आभूषण, नकदी तथा वारदात से जुड़े अन्य सामान की बरामदगी कर ली गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
