अजनाला में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम
पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक गोली लगने से घायल
-पिस्तौल, दो मोबाइल और थार गाड़ी बरामद, यूके में बैठे गैंगस्टर निशान से जुड़े तार
-अजनाला के गांव भक्खा तारा सिंह के पास एनकाउंटर, पुलिस ने बड़ी वारदात टाली
- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर (अजनाला): अजनाला के गांव भक्खा तारा सिंह के पास नहर के निकट पंजाब पुलिस और दो कथित बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक बड़ी टारगेट किलिंग की साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो हथियारबंद युवक इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल अजनाला में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान सुखराज सिंह और अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, दो मोबाइल फोन और एक थार गाड़ी बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे मॉड्यूल का संचालन यूके में बैठे गैंगस्टर निशान द्वारा किया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी टारगेट किलिंग को अंजाम देने के उद्देश्य से इलाके की रेकी कर रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों, हथियारों की सप्लाई और संभावित साजिश के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस का दावा है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया गया और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
