- रिपोर्ट: जितेंद्र जोशी
देहरादून। राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित अजबपुर गांव में एक कार वर्कशॉप में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने वर्कशॉप मैनेजर की शिकायत पर एक महिला सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वर्कशॉप मैनेजर नीरज शर्मा के अनुसार, घटना रात करीब 9:30 बजे की है। उनका आरोप है कि चंदेल नामक व्यक्ति एक महिला और अन्य लोगों के साथ वर्कशॉप में पहुंचा। आरोपियों ने वहां घुसकर जमकर हंगामा किया, मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने वर्कशॉप में व्यापक तोड़फोड़ की, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने नीरज शर्मा की शिकायत के आधार पर एक महिला सहित छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
