ऐलनाबाद: बाबा रामदेव भंडारा सेवा समिति की वार्षिक बैठक आयोजित, 19वें छह दिवसीय भंडारे की रूपरेखा तैयार

ऐलनाबाद, 5 जुलाई (एम पी भार्गव): शहर के वार्ड नंबर 9 स्थित श्री बाबा रामदेव मंदिर में रविवार को बाबा रामदेव भंडारा सेवा समिति की वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रधान जसवंत बेनीवाल ने की। इस दौरान वर्ष 2025 में आयोजित भंडारे का आय-व्यय एवं लेखा-जोखा समिति के पदाधिकारियों, गांवों के प्रधानों और कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किया गया। साथ ही वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले भंडारे की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा कर आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।

समिति के प्रवक्ता एमपी तंवर ने बताया कि बाबा रामदेव भंडारा सेवा समिति पिछले 18 वर्षों से रामदेवरा पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में बीकानेर से लगभग 60 किलोमीटर आगे सांखला फांटा (जैसलमेर रोड) पर लगातार भंडारे का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष 10 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक 19वें छह दिवसीय भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही बाबा की कृपा से भंडारा स्थल पर शेड निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है। बैठक में शेड निर्माण एवं पिछले भंडारे के आयोजन का पूरा लेखा-जोखा भी सभी ग्रामीण संस्थाओं के प्रधानों और कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा गया।

बैठक के दौरान समिति की ओर से उपस्थित सभी सदस्यों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर प्रधान जसवंत बेनीवाल सहित समिति के पदाधिकारी, सेवादार, विभिन्न ग्रामीण संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.