शराब के नशे में लोडेड देसी पिस्टल लेकर घूम रहा था युवक, लखीसराय पुलिस ने दबोचा

कवैया थाना पुलिस ने 4 जिंदा कारतूस, देसी पिस्टल और कारतूस के अग्रभाग बरामद किए, आर्म्स एक्ट व उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज

लखीसराय। जिले के कवैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब के नशे में अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और तीन कारतूस के अग्रभाग बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से हथियार के स्रोत और अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की शाम गश्ती के दौरान कवैया थाना को उत्पाद थाना की छापेमारी टीम से सूचना मिली कि वार्ड संख्या-32 स्थित कवैया रोड पर एक व्यक्ति शराब के नशे में है और उसके पास आग्नेयास्त्र व कारतूस होने की संभावना है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और कवैया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और तीन कारतूस के अग्रभाग बरामद हुए। वहीं जांच में उसके शराब के नशे में होने की भी पुष्टि हुई।

इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर कवैया थाना कांड संख्या-253/26 दर्ज किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a)/26 तथा बिहार उत्पाद एवं मद्यनिषेध (संशोधित) अधिनियम-2022 की धारा 37 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान टिंकू कुमार (40 वर्ष), पिता अशोक राम, निवासी बड़ी कवैया, वार्ड संख्या-32, थाना कवैया, जिला लखीसराय के रूप में हुई है।

बरामद सामान
एक देशी पिस्टल
चार जिंदा कारतूस
तीन कारतूस के अग्रभाग

छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
पु.अ.नि. रंधीर कुमार, थानाध्यक्ष, कवैया थाना
पु.अ.नि. राज कुमार राम
स.अ.नि. राजू प्रसाद
सिपाही अरबाज आलम एवं नितीश कुमार
गृहरक्षक विक्रम कुमार एवं गुंजन कुमारी

पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार और कारतूस के संबंध में आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.