लखनऊ। राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार अवाक ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल से ग्रीष्मावकाश के दौरान कराई गई शासकीय ड्यूटी के बदले शिक्षकों को दोनों सत्रों के लिए 31-31 दिन का अर्जित अवकाश प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि विगत एवं वर्तमान सत्र में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान समर कैंप, योग सप्ताह, विभिन्न परीक्षाओं के आयोजन तथा जनगणना-2027 जैसे कार्यों के लिए शिक्षकों को मुख्यालय नहीं छोड़ने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
डॉ. अशोक कुमार अवाक ने वित्तीय हस्तपुस्तिका के नियमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संबंध में संगठन का प्रतिनिधिमंडल पहले भी शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंप चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं होने से शिक्षक समाज में असंतोष बढ़ रहा है और शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा की जा रही है।
