लखीसराय(सरफराज़ आलम) लखीसराय जिला स्थापना दिवस 2026 के पूर्व संध्या पर आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को संध्या 06:00 बजे परिया पोखर (जिला अतिथि गृह के समक्ष) में भव्य सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की गौरवशाली ऐतिहासिक यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा विकास के विभिन्न आयामों को सम्मानपूर्वक स्मरण करना एवं जनसहभागिता के माध्यम से सामूहिक एकता का संदेश प्रसारित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें जिला पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। दीपों की रोशनी से परिया पोखर का वातावरण अत्यंत आकर्षक एवं उत्साहपूर्ण हो उठा, जो जिले की उन्नति एवं उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक प्रतीत हो रहा था।
दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत सभी उपस्थित जनों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति एवं एकता का भाव और अधिक प्रबल हुआ। इसके पश्चात जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए लखीसराय जिला स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
अपने संबोधन में उन्होंने जिले की ऐतिहासिक उपलब्धियों, विकासात्मक प्रगति एवं जनसहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों से जिले के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि लखीसराय जिला ने पिछले वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जो सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इस प्रकार के आयोजन न केवल हमें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, समरसता एवं सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के माध्यम से जिले के नागरिकों ने एकजुट होकर लखीसराय के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण एवं लखीसराय स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी/कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे
