डॉक्टर्स डे पर जिला अस्पताल में चिकित्सकों का हुआ सम्मान, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित हुआ समारोह
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर मे राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.सी. सक्सेना की अध्यक्षता में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीएमएचएस संवर्ग के चिकित्सकों को उनके उत्कृष्ट चिकित्सकीय योगदान, सेवा भावना एवं मरीजों के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान सभी चिकित्सकों को “Wedges of Respect” सम्मान-चिह्न भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की गई। इस अवसर पर डॉ. बी.सी. सक्सेना ने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सक केवल एक पेशेवर नहीं, बल्कि मानवता के सच्चे सेवक हैं। उनके समर्पण, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा से समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन मिलता है।
उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक चिकित्सक को सेवा, संवेदना और नैतिक मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए, जिससे आमजन का स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
