रामपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर दौरे के दौरान आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि “2017 के बाद से रामपुर बदल गया है, सपा का आतंक समाप्त हो गया है। मैं आज रामपुर आया हूं तो यहां का मौसम भी शिमला जैसा लग रहा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास कुछ चुनिंदा लोगों और परिवारों तक सीमित था। उस समय कानून व्यवस्था बदहाल थी और बहन-बेटियों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई थी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने अपराध और दंगों पर प्रभावी नियंत्रण कर प्रदेश में सुरक्षित माहौल बनाया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त राज्य बन चुका है और कानून व्यवस्था देश के लिए उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास, सुरक्षा और सुशासन है।
मुख्यमंत्री ने रामपुर के पारंपरिक उद्योगों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेंथा, जरी और वायलिन उद्योग लगातार आगे बढ़ रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मिलक, शाहाबाद और बिलासपुर क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात देने की बात कही।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को विकास और सुशासन के मुद्दे पर घेरते हुए जनता से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का समर्थन करने की अपील की। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
