जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक सम्पन्न, आंगनबाड़ी केंद्रों के सत्यापन एवं पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश 

रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वितरण के सत्यापन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों में गांव में जाकर लाभार्थियों से बात करके पोषाहार का व्यापक सत्यापन करें और आंगनबाड़ी अभिलेखों से मिलान करते हुए शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पोषण ट्रैक्टर ऐप पर प्रदर्शित सभी पैरामीटर की शत प्रतिशत फीडिंग करायें। इस कार्य में लापरवाही करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी करने तथा बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण व्यवस्था का नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा इसकी प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए।
फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) के माध्यम से लाभार्थियों के सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित कर योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल व्यवस्था, शौचालय की कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि जहां पर पेयजल व शौचालय की व्यवस्था नहीं है, वहां कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा निर्धारित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र जिला विकास अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.