जनसंवाद पोर्टल की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निपटान: उपायुक्त शांतनु शर्मा

ऐलनाबाद,सिरसा, 26 जून(एम पी भार्गव): उपायुक्त शांतनु शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसंवाद पोर्टल पर दर्ज आम जनता की शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की ढिलाई ना बरती जाए और शिकायतों का तत्परता से निपटान किया जाए। उपायुक्त शांतनु शर्मा शुक्रवार को एनआईसी रूम में आयोजित जनसंवाद पोर्टल की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनसंवाद पोर्टल पर आने वाली हर शिकायत सीधे आम नागरिक की बुनियादी समस्याओं से जुड़ी है, इसलिए सभी अधिकारी रोजाना और निरंतरता के साथ पोर्टल की निगरानी करें ताकि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर आई शिकायतों का एक निश्चित समय सीमा के भीतर निपटान किया जाए। शिकायतें बंद करने से पहले संबंधित नागरिक की संतुष्टि बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पोर्टल की निगरानी मुख्यालय स्तर भी की जाती है। इसलिए इस कार्य में कोई भी अधिकारी लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्या का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी शिकायतों का समाधान जल्द किया जाए। समय पर शिकायत का समाधान होने से आमजन को पात्रता अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में भी देरी नहीं होगी। सभी विभागाध्यक्ष शिकायतों को लेकर गंभीरता बरतें और स्वयं मॉनिटर करते हुए तय समय में समाधान सुनिश्चित करें। कहीं किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत आती है तो इसे उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाएं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.