रामपुर रज़ा पुस्तकालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर तीन दिवसीय योगोत्सव का आयोजन

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर रज़ा पुस्तकालय द्वारा योगोत्सव 2025 की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत 19 से 21 जून 2026 तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। योगोत्सव 2026 का मुख्य विषय “स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग” रखा गया है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पुस्तकालय के निदेशक डॉ पुष्कर मिश्र ने बताया कि योगोत्सव का शुभारंभ 19 जून 2026 को प्रातः 10:30 बजे पुस्तकालय के रंग महल सभागार में आयोजित संगोष्ठी,“योग : एक वैश्विक आन्दोलन” से होगा। इस अवसर पर श्री श्री 1008 श्रीमद्जगद्गुरु श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम् महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। संगोष्ठी में प्रो. सुरेन्द्र कुमार त्यागी, पूर्व प्रमुख, योग विज्ञान विभाग, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार; डॉ. नम्रता राज, वरिष्ठ योग प्रशिक्षक, अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली तथा डॉ. निकिता शर्मा, सहायक प्रोफेसर, अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली, योग के विभिन्न आयामों पर अपने विचार अभिवयक्त करेंगे। इसी क्रम में दोपहर 1:00 बजे दरबार हॉल में “योग यात्रा : शास्त्र, साधना एवं संस्कार” विषयक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन आचार्य प्रमोद कृष्णम् महाराज द्वारा किया जाएगा। प्रदर्शनी में योग की प्राचीन परंपरा, भारतीय ज्ञान-संपदा तथा योग संबंधी चित्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।

Three-day Yogotsav organized at Rampur Raza Library on the occasion of International Yoga Day 2026.

योगोत्सव- 2026 के अंतर्गत 20 जून 2026 को प्रातः 10:30 बजे रंग महल सभागार में जिला योगासन खेल संघ, रामपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्वरसाधना योग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष तथा 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे।

इसी तरह 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुस्तकालय परिसर में “योग संगम : स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसके अंतर्गत कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 06:00 बजे से प्रतिभागियों का आगमन प्रारम्भ होगा। इसके उपरांत प्रातः 06:30 बजे गणमान्य अतिथियों का आगमन होगा। प्रातः 7:00 बजे से 7:45 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास विशिष्ट योगाचार्यों के मार्गदर्शन में कराया जाएगा। कार्यक्रम के समापन चरण में प्रातः 07:45 बजे से 08:00 बजे तक रामपुर रज़ा पुस्तकालय के निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र का प्रेरणादायी संबोधन आयोजित होगा।

इसके अतिरिक्त, योग प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने हेतु वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

रामपुर रज़ा पुस्तकालय ने सभी विद्यार्थियों, शोधार्थियों, योग प्रेमियों एवं जनसामान्य से इन कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर योग, स्वास्थ्य, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के इस महोत्सव को सफल बनाने का आग्रह किया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.