दुकान से लोहे का सामान चोरी की वारदात सुलझी, ऐलनाबाद पुलिस द्वारा दो आरोपी काबू, एक दिन के पुलिस रिमांड पर
ऐलनाबाद 18 जून ( एम पी भार्गव ): पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार संपत्ति विरूद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ऐलनाबाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव भुर्टवाला स्थित एक दुकान से लोहे का सामान चोरी करने के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रगट सिंह ने बताया कि गांव भुर्टवाला निवासी भूपेंद्र पुत्र जगदीश ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह 9 जून 2026 की रात लगभग 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान के सामने खड़ी ट्रॉली से 8 फीट लंबाई के तीन लोहे के चैनल तथा अन्य लोहे का सामान गायब मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ऐलनाबाद में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी की वारदात में संलिप्त दो आरोपियों जनक राज उर्फ जनकू पुत्र अमरचंद निवासी वार्ड नंबर 6, ऐलनाबाद तथा प्रदीप उर्फ सुनील कुमार पुत्र हंसराज निवासी ढाका बस्ती, पीलीबंगा जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) को ममेरां रोड, ऐलनाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान चोरी किए गए सामान की बरामदगी एवं अन्य वारदातों में संलिप्तता के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।
