ऐलनाबाद, 18 जून (एम पी भार्गव): पुलिस अधीक्षक (रेलवे) निकिता गहलोत के दिशा-निर्देशानुसार नशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस चौकी की टीम ने एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें इस सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान यात्रियों को संबोधित करते हुए ऐलनाबाद जीआरपी चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर लक्ष्मणराम, एएसआई सुखविंद्र सिंह, सिपाही राकेशकुमार ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और सामाजिक जीवन को भी अंधकारमय बना देता है। युवाओं का भविष्य इससे पूरी तरह नष्ट हो जाता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
जीआरपी टीम ने यात्रियों से विशेष अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे का आदी है तो उसे तिरस्कार की बजाय उपचार और पुनर्वास के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही यदि क्षेत्र में कहीं भी नशा तस्करी या नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत जीआरपी पुलिस को दें ताकि नशा तस्करों के नेटवर्क पर सामूहिक रूप से अंकुश लगाया जा सके।
इस अवसर पर रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी पुलिस के इस अभियान की सराहना की और पूर्ण सहयोग देने का विश्वास दिलाया। यात्रियों ने कहा कि वे अपने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे, उन्हें गलत संगति से बचाएंगे और स्टेशन व ट्रेनों में यात्रा के दौरान सतर्क रहकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएंगे।
