NEET UG री-एग्जाम 2026: एडमिट कार्ड जारी, तकनीकी दिक्कतों से जूझ रहे छात्र

  • रिपोर्ट: सुरजीत सिंह

नई दिल्ली: 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले NEET UG री-एग्जाम के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। हालांकि, कई अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के दौरान तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सत्यापित नहीं हो रही है, जिससे वे प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर छात्रों ने जताई नाराजगी
कई अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी परेशानी साझा की है। छात्रों का आरोप है कि बैंक डिटेल्स भरने के बावजूद पोर्टल जानकारी स्वीकार नहीं कर रहा है। वहीं, कुछ छात्रों ने सर्वर संबंधी समस्या के चलते बार-बार प्रयास करने के बावजूद सफलता नहीं मिलने की शिकायत की है।

NTA ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
NTA ने स्पष्ट किया है कि बड़ी संख्या में उम्मीदवार सफलतापूर्वक अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं और तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए एजेंसी की टीम लगातार काम कर रही है। एजेंसी के मुताबिक अब तक करीब चार लाख अभ्यर्थी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं।

लॉगिन से पहले तैयार रखें जरूरी दस्तावेज
एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे पोर्टल पर लॉगिन करने से पहले बैंक रिकॉर्ड के अनुसार अपना पूरा नाम, बैंक खाता संख्या, IFSC कोड और कैंसिल चेक की स्कैन कॉपी तैयार रखें। इससे जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया आसान होगी और त्रुटियों की संभावना कम रहेगी।

ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

  • NEET UG की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • ‘NEET UG Admit Card 2026’ लिंक पर क्लिक करें।
  • रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज कर लॉगिन करें।
  • स्क्रीन पर दिखाई दे रहे एडमिट कार्ड को डाउनलोड करें।

भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

फीस रिफंड के लिए ऐसे अपडेट करें बैंक डिटेल्स
फीस रिफंड सत्यापन के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध “Fee Refund Verification Link” पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आवेदन संख्या, पासवर्ड और कैप्चा दर्ज कर लॉगिन करें। OTP आधारित दो-स्तरीय सत्यापन पूरा करने के बाद बैंक खाते की जानकारी जांचें और किसी भी त्रुटि को सुधारकर अंतिम रूप से सबमिट कर दें।

21 जून को होगी परीक्षा, सुरक्षा के विशेष इंतजाम
NTA के अनुसार NEET UG री-एग्जाम 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की अवधि 3 घंटे 15 मिनट होगी। परीक्षा की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टरों के जरिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी समस्या की स्थिति में NTA की आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.