दिल्ली चिड़ियाघर में ‘एनजेडपी साथी ऐप’ लॉन्च, आगंतुकों को मिलेगी स्मार्ट नेविगेशन सुविधा

केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने किया डिजिटल सुविधाओं का शुभारंभ

  • रिपोर्ट: सुरजीत सिंह

नई दिल्ली। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने रविवार को राष्ट्रीय चिड़ियाघर (एनजेडपी) में ‘एनजेडपी साथी ऐप’ और सेल्फ-टिकटिंग कियोस्क का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाना और चिड़ियाघर में डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देना है।

ऐप से मिलेगी स्मार्ट गाइड और डिजिटल मैप की सुविधा
‘एनजेडपी साथी ऐप’ एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसमें इंटरैक्टिव डिजिटल मैप और स्मार्ट नेविगेशन सिस्टम दिया गया है, जिससे आगंतुक आसानी से पशु बाड़ों, शौचालयों, बग्गी पॉइंट, निकास द्वार और अन्य सुविधाओं तक पहुंच सकेंगे।

इसके अलावा ऐप में एक्सप्रेस टूर, फैमिली टूर, ग्रैंड जू टूर और व्यक्तिगत ‘माई टूर’ जैसे विशेष थीम आधारित विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं, जो दर्शकों को उनकी पसंद के अनुसार भ्रमण की सुविधा देंगे।

ऑनलाइन टिकटिंग होगी आसान
चिड़ियाघर में स्थापित सेल्फ-टिकटिंग कियोस्क के माध्यम से आगंतुक यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान कर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। साथ ही मौके पर टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए मुफ्त वाई-फाई सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

छात्रों की रचनात्मकता की सराहना
राज्य मंत्री ने ग्रीष्मकालीन अवकाश कार्यक्रम-2026 में भाग लेने वाले छात्रों द्वारा तैयार की गई रचनात्मक कृतियों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

चिड़ियाघर के आधुनिकीकरण पर हुई समीक्षा बैठक
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद कीर्ति वर्धन सिंह ने अधिकारियों और विभिन्न अनुभागों के प्रभारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय चिड़ियाघर के आधुनिकीकरण, प्रबंधन और विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने आगंतुक सुविधाओं और पशु कल्याण को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

पशु स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
दौरे के दौरान मंत्री ने पक्षीघरों और पशु बाड़ों का निरीक्षण कर गर्मी के मौसम में पशुओं और पक्षियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पशु चिकित्सालय का भी दौरा किया और वहां भर्ती बीमार जानवरों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पशु चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से पशु स्वास्थ्य एवं देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.