- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर के थाना गंज क्षेत्र स्थित मोहल्ला बगीचा ऐमना में डूडा विभाग के सरकारी आवासों पर अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन की ओर से रिक्शा के माध्यम से क्षेत्र में ऐलान कराया गया कि जिन लोगों ने सरकारी आवासों पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर मकान खाली कर दें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आवास खाली न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुर्माना लगाने, एफआईआर दर्ज करने और आवश्यकता पड़ने पर जेल भेजने की कार्रवाई भी की जा सकती है। बताया जा रहा है कि कब्जाधारकों को पहले ही दो दिन का समय दिया गया था, जिसकी अवधि अब पूरी होने जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ व्यक्तियों द्वारा सरकारी आवासों का कथित रूप से 25 हजार से 40 हजार रुपये तक में सौदा किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। वहीं, अवैध कब्जों के कारण बिजली विभाग को भी आर्थिक नुकसान होने की बात कही जा रही है।
अब सभी की नजर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और डूडा विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। देखना होगा कि प्रशासन सरकारी आवासों को कब्जामुक्त कराने में कितना सफल हो पाता है।
