साड़ियों की पैकिंग में छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, नोएडा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का किया भंडाफोड़

नोएडा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के सरगना समेत दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 किलो 696 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 39 साड़ियां बरामद की हैं। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 20 से 25 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 जून की रात गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर सेक्टर-17 क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान अयोध्या निवासी शुभम पाठक और शिवम दूबे को गिरफ्तार किया गया। दोनों वर्तमान में दिल्ली के मयूर विहार फेस-2 स्थित ईस्ट विनोद नगर में रह रहे थे और लंबे समय से एनसीआर में गांजे की सप्लाई कर रहे थे।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूरे नेटवर्क का संचालन शुभम पाठक कर रहा था। आरोपी पश्चिम बंगाल के रास्ते विभिन्न कोरियर कंपनियों के माध्यम से गांजे की खेप मंगवाते थे। तस्करी को छिपाने के लिए गांजे को साड़ियों की पैकिंग के अंदर रखा जाता था, जिससे किसी को शक न हो। पार्सल अक्सर अधूरे या फर्जी पतों पर मंगाए जाते थे और डिलीवरी से पहले ही फोन के जरिए उन्हें प्राप्त कर लिया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि गांजा ओडिशा, आंध्र प्रदेश और अन्य क्षेत्रों से लाया जाता था। आरोपियों के मुताबिक, यह उच्च गुणवत्ता वाला गांजा विशेष प्रसंस्करण और रासायनिक प्रक्रिया से तैयार किया जाता है, जिसकी मादक क्षमता सामान्य गांजे से कहीं अधिक होती है। इसी कारण इसकी मांग और कीमत भी ज्यादा रहती है।

एडीसीपी नोएडा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सरगना शुभम पाठक के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.