- रिपोर्ट: विनोद मित्तल
फरीदाबाद। सेक्टर-33 स्थित विद्युत मंत्रालय के राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान (एनपीटीआई) में संस्थान के वरिष्ठ एवं सम्मानित अधिकारी निदेशक दुर्गाशंकर साहू के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा साहू का स्वागत पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत हेमंत जैन, महानिदेशक, NPTI एवं सदस्य (GO&D), CEA ने उन्हें विदाई उपहार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी सेवाकाल का सम्मान किया। इस अवसर पर महानिदेशक श्री जैन ने श्री साहू के स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए उनके योगदान की सराहना की। समारोह में संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भावनात्मक एवं यादगार बना दिया।
दुर्गाशंकर साहू ने वर्ष 1995 में एनपीटीआई दुर्गापुर में सहायक निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। फरवरी 2006 में उन्हें उप निदेशक पद पर पदोन्नत किया गया तथा उनकी नियुक्ति एनपीटीआई फरीदाबाद में हुई। अक्टूबर 2018 में उन्हें निदेशक पद पर पदोन्नत किया गया। अपने लगभग 30 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने विशेष रूप से सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण, विद्युत क्षेत्र की परियोजनाओं तथा संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 500 मेगावाट एवं 800 मेगावाट ताप विद्युत संयंत्र सिम्युलेटरों के विकास और मल्टीफंक्शनल सिम्युलेटर परियोजना के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें डॉ. एस. सेल्वम (प्रधान निदेशक), डॉ. इंदु महेश्वरी (प्रधान निदेशक), सुरेन्द्र कुमार (निदेशक, प्रशासन), डॉ. वत्सला शर्मा (निदेशक, प्रशिक्षण) सहित उप निदेशक एवं सह निदेशकगण उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने श्री साहू के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. के.पी.एस. परमार (उप निदेशक) द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में श्री साहू ने एनपीटीआई के साथ बिताए गए वर्षों को जीवन की अमूल्य धरोहर बताते हुए संस्थान और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
